गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष समारोह में शामिल हुए गृह मंत्री अमित शाह और CM पुष्कर सिंह धामी
हरिद्वार में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आचार्य श्रीराम शर्मा के योगदान का स्मरण किया।
“व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” का मार्ग प्रशस्त : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आचार्य श्रीराम शर्मा ने सनातन धर्म में व्याप्त विकृतियों को दूर कर आध्यात्मिकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा। उन्होंने समानता, संस्कृति, एकता और अखंडता के मूल्यों को सशक्त किया और “व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण” के विचार को व्यवहार में उतारने का मार्ग दिखाया।
उन्होंने आचार्य का संदेश “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” को मानव कल्याण का मूल मंत्र बताते हुए इसे जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
भारत की सोच और कार्य-संस्कृति में बड़ा बदलाव
गृह मंत्री ने कहा कि बीते दस वर्षों में देश की कार्य-संस्कृति और सोच में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन आया है। आज भारत को उसकी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और मूल्यों के संदर्भ में पूरे विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अरविंद घोष जैसे युगपुरुषों के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के उत्कर्ष से मानवता का उत्कर्ष सुनिश्चित होगा।
गायत्री परिवार आध्यात्मिक चेतना का वटवृक्ष : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गायत्री परिवार एक वटवृक्ष के समान है, जो आध्यात्मिक चेतना का प्रचार-प्रसार करते हुए समाज को शांति और सकारात्मकता की छाया प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी गौरवशाली संस्कृति, ज्ञान और विज्ञान को नए स्वरूप में पुनः स्थापित कर रहा है और सनातन संस्कृति का विराट संदेश विश्व तक पहुँचे, इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
आधुनिक तकनीक के साथ प्राचीन ज्ञान का समन्वय
इस मौके पर डॉ. चिन्मय पांड्या ने कहा कि यह संस्थान वेद, उपनिषद और गीता से प्रेरणा लेते हुए आधुनिक तकनीक को आत्मसात कर शिक्षा, प्रशिक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
देश-विदेश से श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह, विधायक मदन कौशिक सहित देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
