
नैनीताल: उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककलाओं के संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की है। इसके साथ ही प्रसिद्ध लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराए जाने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनपद नैनीताल के बिंदुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रसिद्ध लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने स्व. मेहरा के परिजनों को सम्मानित करते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को याद किया।
प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में बनेगा विद्यालय और स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकगायक मेहरा ने अपनी कला और गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दी। उन्होंने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की सजीव अभिव्यक्ति दिखाई देती है।
गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत से दिया बेटियों के सम्मान का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का काम किया। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के जरिए उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया। वहीं, ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा लगाव दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें। प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए परिजनों और प्रशंसकों के प्रयासों की भी सराहना की।
लोकथात महोत्सव नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का माध्यम
मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकथात हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम भी करते हैं।
उत्तराखंड की पहचान लोकसंस्कृति और परंपराओं से भी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाएं और परंपराएं भी इसकी विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जो समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत बनी रहती हैं।
