
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स को लेकर विशेष पैनल डिस्कशन हुआ। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में राज्य की फिल्म प्रोत्साहन नीति, फिल्मकारों को उपलब्ध सुविधाओं और उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि नीति के तहत पात्रता और निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के माध्यम से फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक एवं विरासत भवन और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों को शूटिंग के लिए विविध विकल्प उपलब्ध कराती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल एवं कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं।
फिल्म नीति का आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। पैनल में अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को जियो हॉटस्टार ने कहानी सुनने के बाद कमीशन किया था। उन्होंने प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उपयुक्त लोकेशन तलाशने के लिए वह 17 बार उत्तराखंड आए और शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।
पैनल डिस्कशन का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया। इसमें सामने आए अनुभवों और सुझावों से उत्तराखंड की फिल्म नीति, स्थानीय प्रतिभाओं और राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
