
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री का प्रेरणादायी संबोधन प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता और पूरे भाजपा परिवार में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करने वाला है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि राजनाथ सिंह ने हिमालय की अडिगता और मां गंगा की अविरल धारा का उल्लेख करते हुए उत्तराखंड में भाजपा की विजय यात्रा निरंतर आगे बढ़ने का विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री का यह विश्वास पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है।
मुख्यमंत्री के कहा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति के संरक्षण और विकास के लिए एक बार फिर भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी। उनके संबोधन में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, विकास और संगठन की भूमिका का उल्लेख रहा।
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार में हुई विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रही। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नए संकल्प और ऊर्जा के साथ आगामी चुनाव के लिए काम करने की प्रेरणा देगा।
अब पार्टी के सामने इस उत्साह को बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क और जनसेवा के कार्यों में बदलने की चुनौती होगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों पर राजनीतिक नजरें बनी रहेंगी।
