
हरिद्वार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित स्टेट गेस्ट हाउस, डैम कोठी में हरिद्वार को AI जिले के रूप में विकसित करने से संबंधित प्रस्तुति की समीक्षा की। सरकार की योजना आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि AI जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग पर्यटन, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसुविधाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में किया जाना चाहिए। तकनीक के इस इस्तेमाल से विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं में भी सुधार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य स्थानीय युवाओं के लिए नवाचार, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार करना भी है। AI और तकनीक आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से युवाओं को नए क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने और रोजगार से जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि देवभूमि उत्तराखंड आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुए तथा विकास के नए प्रतिमान स्थापित करे। हरिद्वार को AI जिले के रूप में विकसित करने की यह पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
