
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता हासिल करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए जीवन के महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास होता है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसी विशेषताएं विकसित होती हैं। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान युवाओं को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ संघर्ष, सहयोग और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने की सीख देता है। खेलों में मिली जीत जहां आत्मविश्वास बढ़ाती है, वहीं हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के दौरान अर्जित अनुभव युवाओं को जीवन की प्रत्येक चुनौती का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी मेहनत, समर्पण और खेल भावना के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे। इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
