उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश में यह अभियान चलाया गया। अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाताओं को शामिल किया गया है। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
उत्तराखंड में मतदातओं की संख्या
कुल मतदाता- 71,58,949
पुरुष मतदाता- 37,37,701
महिला मतदाता- 34,21,036
थर्ड जेंडर मतदाता- 212
प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। अभियान शुरू होने के दिन उत्तराखंड में कुल 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद गणना प्रपत्रों के वितरण और संकलन की प्रक्रिया पूरी की गई और 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस सूची में कुल 71,33,785 मतदाता शामिल थे।
निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया। इसके बाद 13 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया गया। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।
उत्तराखंड में वर्तमान में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी अपना नाम और विवरण देख सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर विजिट किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के कार्यालयों और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से भी मतदाता सूची प्राप्त की जा सकती है।
अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंः https://voters.eci.gov.in/download-eroll?stateCode=S28
अंतिम सूची में शामिल मतदाताओं में युवा और वरिष्ठ नागरिक भी महत्वपूर्ण संख्या में हैं। प्रदेश में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 1,22,892 है। यह आंकड़े राज्य की मतदाता सूची में विभिन्न आयु वर्गों की भागीदारी को दर्शाते हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल 1,29,872 नए मतदाता शामिल किए गए। वहीं, नियमानुसार 1,04,708 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना और पात्र मतदाताओं का विवरण सही रूप में दर्ज करना है।
मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे अंतिम सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच लें, ताकि चुनाव के दौरान मतदान से संबंधित किसी परेशानी से बचा जा सके।
