रामपुर गोलीकांड की बरसी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्थल, कचहरी परिसर, देहरादून में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी शहीदों की पुण्य स्मृति में उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से ही अलग उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण संभव हो सका।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने उत्तराखण्ड की पहचान, अस्मिता और राज्य निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उनके त्याग और बलिदान को प्रदेशवासी सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों एवं शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आंदोलनकारियों के हितों और उनके परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का निर्माण ही शहीद आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास और प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। शहीद आंदोलनकारियों के बलिदान से मिली इस राज्य की विरासत को मजबूत बनाना और उत्तराखण्ड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
