रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा पर एक बार फिर से खराब मौसम की मार पड़ी है। रविवार को खराब मौसम और लैंडस्लाइड के कारण केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया था। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है। गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरवासा के पास मलबा और पत्थर आने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है।
मौसम और मार्ग की स्थिति का लिया जाएगा जायजा
प्रशासन के अनुसार, आज मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। मार्ग को आवागमन के लिए पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारु किए जाने के बाद ही केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा शुरू करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
श्रद्धालुओं से सुरक्षित रहने की अपील
पुलिस-प्रशासन ने केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहें और स्थानीय स्तर पर जारी किए जा रहे प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा और पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में श्रद्धालुओं से मौसम और मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
