उत्तराखंड से नेपाल में आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आठ सदस्यीय राहत दल रवाना किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेपाल हमारा पड़ोसी ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से भी भारत के साथ गहरे संबंध रखने वाला देश है। प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में उत्तराखंड और भारत के लोग नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने राहत दल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता करना हमारी मानवीय जिम्मेदारी है।
नेपाल के एक गांव को गोद लेकर प्रभावित परिवारों की मदद करेगा राहत दल
गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि सभा का आपदा राहत सहायता दल नेपाल में प्रभावित परिवारों की सहायता करेगा। इसके साथ ही एक गांव को गोद लेकर वहां के प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों के तहत बच्चों के लिए स्कूल भवन निर्माण में सहयोग किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं पठन-पाठन सामग्री भी वितरित की जाएगी। राहत कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए नेपाल सरकार और वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं से निरंतर समन्वय किया जा रहा है।
गोर्खाली सुधार सभा ने राहत सहायता के लिए गठित की कमेटी
गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि आपदा के बाद सभा द्वारा नेपाल राहत सहायता के लिए कमेटी गठित की गई थी और लोगों से सहयोग का आह्वान किया गया था। उन्होंने बताया कि सभा की विभिन्न शाखाओं एवं सहयोगी संस्थाओं ने नेपाल में राहत कार्यों के लिए सहयोग किया है।
