देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति को लेकर सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाए।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जाए और जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन-1905 में दर्ज शिकायतों की भी गंभीरता से निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और लोगों को प्रभावी एवं संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना है।
