देहरादून: उत्तराखंड के युवा नवोन्मेषक और स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री को फ्लाइंग कार के निर्माण से जुड़े अपने तकनीकी नवाचार, अब तक हुई प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि टम्टा के अभिनव प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा नए विचारों और आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं और सरकार ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच और संसाधन मिलें तो वे देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखण्ड के युवाओं के सपनों को पंख देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। हमारे युवा नए विचारों और आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सरकार उनके नवाचार को केवल प्रोत्साहित ही नहीं करेगी, बल्कि उसे धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग भी प्रदान करेगी।”
फ्लाइंग कार के निर्माण को लेकर रवि टम्टा द्वारा किए जा रहे तकनीकी प्रयासों को मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग को निर्देश दिए कि रवि टम्टा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की प्रचलित स्टार्टअप एवं औद्योगिक नीतियों के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ रवि टम्टा के स्टार्टअप को दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। साथ ही आवश्यक प्रक्रियाओं में भी सहयोग प्रदान करने को कहा गया।
