खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय, खटीमा में क्षेत्रवासियों से भेंट कर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सुना। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं और अपेक्षाएं रखीं।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और लोगों को प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि” के मूल मंत्र के साथ राज्य सरकार जनसेवा को और अधिक संवेदनशील, सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही शासन और प्रशासन को अधिक जवाबदेह एवं जन-केंद्रित बनाना है।
