खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सनातन धर्मशाला, खटीमा परिसर स्थित एक निजी विद्यालय के सोबन सिंह जीना सभागार में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से रोजगार, सेवायोजन, पर्यटन, विकास एवं पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा आपदा प्रबंधन जैसे समसामयिक विषयों पर सीधे सवाल किए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों का सहज, स्पष्ट और बेबाकी से जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त और सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है अथवा अनुचित दबाव बनाता है, तो नागरिक निःसंकोच टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और प्राप्त शिकायतों पर विशेष टीमों द्वारा त्वरित जांच की जाती है।
ऐसा उत्तराखण्ड बनाने का विजन, जहां युवाओं को बाहर न जाना पड़े
युवाओं के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि वह ऐसा उत्तराखण्ड देखना चाहते हैं, जहां युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए अपने राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को उत्तराखण्ड के विकास से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
