उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान की जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
डीएम रेस्क्यू अभियान में जुटी सभी टीमों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं और मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। लापता दोनों लोगों की तलाश के लिए NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
टनल से पानी निकालने का काम लगातार जारी
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। पानी की निकासी के जरिए टनल के भीतर रेस्क्यू टीमों के आगे बढ़ने और प्रभावित हिस्सों में गहन खोजबीन करने के लिए रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर मौजूद परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी के साथ अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।
भारी मशीनों और अवरोधों को हटाने का काम जारी
टनल के भीतर फंसी मशीनों और अन्य भारी अवरोधों को हटाने का काम भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की मदद से फंसी मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास तेजी से जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि मशीनों और अन्य अवरोधों को हटाकर रेस्क्यू टीमों के लिए टनल के भीतर आगे बढ़ने का रास्ता साफ किया जा सके। इसके साथ ही मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाकर संभावित स्थानों पर बारीकी से खोजबीन की जा रही है।
छोटी से छोटी जगह की भी हो रही जांच
रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर प्रत्येक संभावित स्थान को चिन्हित कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और उन सभी हिस्सों की भी गहन जांच की जा रही है, जहां लापता लोगों के होने की संभावना हो सकती है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है। उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए रेस्क्यू टीमें लगातार आगे बढ़कर खोजबीन कर रही हैं।
हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब तक 20 लोगों को निकाला गया, 8 की मौत
डीएम ने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे में 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें दोनों लापता लोगों की तलाश में पूरी क्षमता के साथ अभियान चला रही हैं।
