देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए आज अपने शासकीय आवास पर तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशभर में राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हो रही है। यह अभियान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना से जोड़ने का कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे तिरंगे के सम्मान और गौरव को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को और मजबूत बनाएं।
