
देहरादून: 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देहरादून में आयोजित हुए कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संबोधन में योग को भारत की अमूल्य विरासत बताते हुए इसके वैश्विक प्रभाव और स्वास्थ्य लाभों पर जोर दिया। उनके संदेश ने प्रतिभागियों को योग को जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (रि) ने भी योग किया। राज्यपाल ने इसे लेकर अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के साथ शामिल होने का सौभाग्य मिला, जो विश्व को भारत के शाश्वत उपहार का उत्सव है। हमारी प्राचीन आध्यात्मिक विरासत में निहित, योग सीमाओं को पार कर गया है और संतुलन और कल्याण के लिए एक वैश्विक शक्ति बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी प्रयासों के माध्यम से, यह परंपरा एक विश्वव्यापी आंदोलन के रूप में विकसित हुई है, जिसे संस्कृतियों और महाद्वीपों के पार लाखों लोगों ने अपनाया है।
उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में देशवासियों को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी और योग को भारत की चेतना और विरासत का केंद्र कहा और इसे भारत की सॉफ्ट पावर का भी सशक्त उदाहरण बताया।