
उत्तरकाशी न्यूज: उत्तरकाशी जिले में कई जगहों पर बर्फबारी हो रही है। गंगोत्री, मुखबा, धराली, हर्षिल, दयारा, यमुनोत्री, खरसाली, हरकिदून जैसी जगहों पर जमकर बर्फ गिरी है। जिस वजह से गंगा यमुना घाटी और आसपास के क्षेत्रों में सर्दी बढ़ गई है। दिन में जब तक धूप रहती है कुछ राहत मिलती है लेकिन सुबह और शाम को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।
बर्फबारी की खबर के बाद सैलानी उत्तरकाशी जिले का रुख कर रहे हैं। बर्फबारी देख सैलानियों के चेहरे खिल उठे हैं। नया साल करीब है जाहिर है ये बर्फबारी सैलानियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है।
बर्फबारी ने मानो उत्तराखंड की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। सैलानी बर्फबारी देख मौज-मस्ती करते दिख रहे हैं।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी हुई सच
मौसम विभाग ने कहा था कि प्रदेश में 27 और 28 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के रूप में दिखाई देगा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई है।
उत्तरकाशी में बर्फ देखने के लिए पहुंच रहे सैलानी
अगर आप भी नए साल के जश्न को खास बनाना चाहते हैं तो उत्तराखंड की बर्फीली वादियां आपका इंतजार कर रही है। देशभर से सैलानी नए साल का जश्न मनाने उत्तराखंड पहुंचने लगे हैं। नए साल पर इस बार सैलानियों को बर्फबारी का अनमोल तोहफा मिल चुका है। बर्फ से ढके पहाड़, चारों ओर सफेदी सैलानियों को खासा भा रहा है।
बर्फबारी से किसानों के खिल उठे हैं चेहरे
ये बर्फबारी सिर्फ सैलानियों के लिए ही सौगात लेकर नहीं आई है बल्कि इससे स्थानीय किसानों को भी काफी फायदा होगा। बागवानी के लिए ये बर्फबारी काफी अच्छी मानी जा रहा है। जो किसान सेब की खेती करती है, उनके लिए बर्फबारी से काफी फायदा होगा। दिसंबर महीनें में होने वाली बर्फबारी किसानों और बागवानों के चेहरों पर खुशी की लहर लेकर आई है। किसान लंबे समय से सर्दी की बेरुखी से जूझ रहे थे, जिन्हें अब राहत मिली है।