
Char Dham Yatra 2025: आज से उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना कर मां गंगा और मां यमुना का आशीर्वाद लिया।
सुबह साढ़े 10 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खुले, इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। सीएम धामी ने कहा कि अक्षय तृतीया की पावन तिथि पर श्री गंगोत्री धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा-2025 का शुभारंभ हो चुका है।

चारधाम यात्रा हेतु उत्तराखण्ड आने वाले समस्त श्रद्धालुओं का प्रदेश सरकार की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। सभी यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने पतितपावनी माँ गंगा की सम्पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं भारत की उन्नति हेतु प्रार्थना की।
गंगोत्री धाम में मुख्यमंत्री धामी ने पीएम नरेंद्र मोदी के नाम से भी पूजा-अर्चना की।
गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के ऊपर पुष्प वर्षा की गई। हेलीकॉप्टर से तीर्थ यात्रियों के ऊपर फूल बरसाए गए।