
Dehradun: देहरादून के राजभवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव चल रहा है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को वसंत उत्सव की शुरुआत की थी। उत्तराखंड का राजभवन रंग-बिरंगे फूलों की सतरंगी छटा से महक रहा है।
राज्यपाल ने परिसर में विभिन्न प्रजाति के पुष्पों का अवलोकन कर प्रतिभागियों की प्रशंसा की और पुष्प उत्पादन के लिए काश्तकारों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पुष्प प्रदेश बनने की असीम संभावनाएं हैं। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि बसंत उत्सव में काफी संख्या में लोग आ रहे हैं जो काफी हर्ष की बात है।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि की लोक कला, संगीत और नृत्य हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी अपनी जड़ों से जुड़ी रहें। इस दिशा में संस्कृति विभाग और लोक कलाकारों द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।