नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचकर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधियों और दायित्वधारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
₹9.93 करोड़ की लागत से बना 120 मीटर लंबा पुल
इसके पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में ₹993 लाख की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।
शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने के कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में नाला उफान पर आने से कई बार यातायात प्रभावित होता था, जिसके चलते क्षेत्रीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
नवनिर्मित पुल के निर्माण से अब क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ हल्द्वानी, चोरगलिया और सितारगंज मार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।
पुल के लोकार्पण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
