
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करना और साइंस सिटी विकसित करना प्रमुख हैं।
बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक: CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है।
महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा मानदेय
मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तिकरण को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार के प्रयासों से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
श्रीनगर में 200 करोड़ की सीवर परियोजना, 650 करोड़ से बन रहा NIT
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
- करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
- लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
- क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं।
- नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
- कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पर्यटन और आर्थिकी को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क और नाली निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा देने की घोषणा करते हुए कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा के शुरू होने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
श्रीनगर में साइंस सिटी और नए नगर निगम कार्यालय की घोषणा
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। इसके अलावा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग प्रदान करने की भी घोषणा की।
विकास और विरासत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि धार्मिक पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत किया जाए। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री की घोषणाओं से श्रीनगर क्षेत्र में विकास, धार्मिक पर्यटन और आवागमन की सुविधाओं को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
