देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सड़क, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी कई विकास योजनाओं की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित जनसभा में 48.44 करोड़ रुपये की लागत की 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 29.41 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19.03 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनका संबंध स्थानीय सड़कों के निर्माण, पेयजल आपूर्ति में सुधार, नए डिग्री कॉलेज की प्रक्रिया और शहरी सुविधाओं के विस्तार से है।
स्थानीय सड़कों और पेयजल व्यवस्था पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने शास्त्रीनगर नाले के पुनर्निर्माण कार्य को जल्द स्वीकृति देने और कांवली रोड के पुनः चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाने की घोषणा की। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से पांच करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यमुना कॉलोनी के वार्ड 23, इंद्रापुरम के वार्ड 41 और हिंदलोक कॉलोनी के वार्ड 43 में भगवान शंकर मंदिर के समीप एक-एक ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा गोविंदगढ़ के वार्ड 14 में चार करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण का काम कराया जाएगा। विजय पार्क पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण योजना, जिसकी अनुमानित लागत लगभग पांच करोड़ रुपये है, को आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल करने की बात कही गई है।
कैंट क्षेत्र में डिग्री कॉलेज और प्रेमनगर के लिए भी पहल
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में उपलब्ध पर्याप्त भूमि को देखते हुए राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की घोषणा की। प्रेमनगर क्षेत्र को नगर पालिका में शामिल करने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून प्रदेश की राजधानी होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र है। सरकार इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कैंट विधानसभा क्षेत्र से अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास भी इसी क्षेत्र में स्थित है।
प्रदेश की बड़ी परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र
जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे को उत्तराखंड की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया। राज्य में हवाई सेवाओं और हेली कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अंत्योदय परिवारों को साल में तीन निःशुल्क गैस सिलेंडर, महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों और पात्र आश्रितों के लिए आरक्षण, वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति तथा खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में खेल कोटे का उल्लेख किया। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 208 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
