
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा एवं पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा तथा मथानी से दही मथकर पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और जीवनशैली से अपने आत्मीय जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखण्ड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि चमोली की धरती से प्रारंभ हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी एवं उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
CM ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर ₹11 हजार तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा श्रीमती उत्तरा देवी एवं महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्षा श्रीमती मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत एवं नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मौन पालन के लिए श्रीमती भुवना देवी, खेती के लिए श्रीमती रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए श्रीमती उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती के लिए श्रीमती लीला देवी को सम्मानित किया गया।
