
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए बस हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों का कुशलक्षेम पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गूलर घाटी में हुई यह बस दुर्घटना दुखद है और राज्य सरकार इस हादसे से प्रभावित लोगों तथा उनके परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन से उपचार की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि सभी घायलों को समय पर और समुचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।
