
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर यह प्रयास किया जा रहा है कि युवाओं को उन क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिले, जिनमें वर्तमान समय में कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा ₹200 करोड़ के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और आज प्रदेश में भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही हैं। युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के केवल योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में चयनित होने का अवसर मिल रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं, जिनमें से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।
