
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठ महापर्व के अवसर पर खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से सभी के उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनसे मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था और पवित्र परंपराओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक समरसता और सामूहिक सद्भाव को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रकृति के सम्मान और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है छठ महापर्व
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति गहरी आस्था को प्रदर्शित करती है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
