
देहरादून के दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक साथ एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहकर अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों से प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं से उनका भावनात्मक रिश्ता हमेशा बना रहता है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने और राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रवासियों के पास ज्ञान, अनुभव, संसाधन और सामर्थ्य की बड़ी पूंजी है, जिसका लाभ उत्तराखण्ड के विकास को मिलना चाहिए। इस दौरान अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया गया।
30 प्रवासियों ने अपने पैतृक गांवों को लिया गोद
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देना मातृभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है। प्रवासी उत्तराखण्डियों की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों और विदेशों में रहने वाले उत्तराखण्डी यदि अपने गांवों के विकास में सहयोग करें तो इससे स्थानीय स्तर पर सुविधाओं के विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि 30 प्रवासियों की यह पहल अन्य लोगों को भी अपने गांवों की बेहतरी के लिए आगे आने को प्रेरित करेगी।
विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले कुछ वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। इसके अलावा 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में अब तक 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और इन महिलाओं को जल्द ही प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में कृषि और बागवानी को रोजगार तथा स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है। इसके लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उच्च मूल्य वाली फसलों और बागवानी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड के माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
हाउस ऑफ हिमालयाज से स्थानीय उत्पादों को मिल रही पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बेहतर मार्केटिंग से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से राज्य के स्थानीय उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों में प्रोत्साहित करने तथा अपने अनुभव और नेटवर्क के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
