
उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड के मान-सम्मान और स्वाभिमान से कोई सरोकार नहीं है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में प्रदेश के सम्मान और स्वाभिमान का कोई मूल्य नहीं है। सीएम धामी ने कहा कि राज्य की जनता अब कांग्रेस की राजनीतिक सोच और उसके रवैये को भली-भांति समझ चुकी है।
सीएम धामी ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए युवाओं को भड़काना, अफवाहें फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन चुका है। जब चुनाव परिणाम कांग्रेस के अनुकूल नहीं आते, तो कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं और कभी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर।
सीएम धामी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी छात्रों की आवाज़ की आड़ में झूठ और भ्रम का राजनीतिक कारोबार चला रहे हैं । युवाओं के मुद्दों पर उन्हें गुमराह कर राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्य स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज देवभूमि हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए विकास की नई गाथा लिख रही है।
