
देहरादून: गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में 1,475 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौक पर गृह मंत्री अमित शाह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 नवंबर, 2000 को उत्तराखंड को राज्य का दर्जा देकर लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की थी। श्री शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। श्री शाह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड आगमन पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को विकास की महत्वपूर्ण सौगात प्रदान करने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनका उत्साह और मनोबल भी बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में पुलिस के जवान कठिन चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। प्राकृतिक आपदाओं, दुर्गम रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों और जनसेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा उनके कार्यों की सराहना किया जाना पुलिस बल के लिए प्रोत्साहन और सम्मान की बात है।
इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “उत्तराखण्ड ऐसा राज्य है जिसने सबसे पहले यूसीसी को जमीन पर उतारा और आज उत्तराखण्ड से प्रेरित होकर देश में 15 राज्य यूसीसी बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।
अमित शाह ने कहा कि सरकार ने पलायन को रोकने के लिए यथासंभव प्रयास किए हैं। हमने मनी ऑर्डर इकोनॉमी की जगह यहां धन का सृजन करने वाली इंडस्ट्रियल इकोनॉमी पर काम किया है।
जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में औद्योगिक विकास की कठिनाइयां होने के बावजूद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने लगभग एक लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतारने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि “उत्तराखण्ड ने इतना कड़ा नकल विरोधी कानून बनाया है कि अदालतों को अब नकलखोरों, नकल कराने वालों और पेपर लीक करने वालों को सजा दिलाने में कोई समस्या नहीं होती।
जनसभा के दौरान अमित शाह ने कहा कि “आज संकल्प का दिन है। हम संकल्प लेते हैं कि 2047 में विकसित भारत की यात्रा में सभी राज्यों में सबसे पहले उत्तराखण्ड विकसित होगा
कार्यक्रम के दौरान हुए संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि “देवभूमि की हमारी जनता विकास तथा सुरक्षा चाहती है और एक संवेदनशील, जवाबदेह सरकार चाहती है, हम इन्हीं अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 35 हजार से अधिक नियुक्तियां बिना किसी नकल के बिना किसी भ्रष्टाचार के उत्तराखण्ड के नौजवान युवा भाई बहनों को मिली है।
