खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय, खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थारू समाज से उनका जुड़ाव वर्षों पुराना है और समाज के लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि थारू समाज की समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना सरकार की प्राथमिकता है।
जनजातीय समाज के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण को नई गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि थारू समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि समाज की हर बेटी शिक्षित और सशक्त बने, इसके लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
हर समस्या के समाधान का भरोसा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि थारू समाज की हर समस्या का समाधान और समाज की ओर से दिए गए प्रत्येक उपयोगी सुझाव पर अमल सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने और विकास से जुड़े विषयों पर मिलकर आगे बढ़ने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
