देहरादून: सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति, योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा में नल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन एवं लंबित पेयजल परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं को मिशन मोड में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के साथ उनकी गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों के पुनर्भरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रत्येक जनपद में जलापूर्ति से संबंधित तकनीकी समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने को कहा गया।
