मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा जिले के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
4.96 करोड़ रुपये से बने कॉलेज भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में ₹4.96 करोड़ की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
कई विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने जनसभा में क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें शामिल हैं
- शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण
- चमतोला खेल मैदान का निर्माण
- राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम का निर्माण
- जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण
- प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण
- खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण
- राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण
उत्तराखंड को आध्यात्मिक केंद्र के रूप में किया जा रहा विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं।
जागेश्वर धाम में चल रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि धाम में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
शीतकालीन, आयुर्वेद और योग पर्यटन पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान देने का कार्य किया जा रहा है।
अजय टम्टा ने भी विकास कार्यों का किया उल्लेख
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
भागवत कथा में भी हुए शामिल
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
