सीएम धामी ने श्रमिकों को दी सौगात, DBT से भेजी 11 करोड़ की सहायता
उत्तराखंड सरकार ने एक बार फिर श्रमिकों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिकों के खातों में लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की।
प्रमुख बिंदु
- 4400 से अधिक श्रमिकों को मिला लाभ
- DBT के जरिए 11 करोड़ रुपये ट्रांसफर
- विवाह, शिक्षा, प्रसूति और अनुदान योजनाओं का लाभ
- श्रमिकों के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश
- एक साल में 93 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता वितरित
वन क्लिक के माध्यम से भेजी गई यह राशि विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों को दी गई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर पात्र श्रमिक तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे। उन्होंने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके बच्चों की शिक्षा और आवश्यक सामग्री वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया। साथ ही योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और तकनीक के अधिक उपयोग के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि पिछले एक वर्ष में बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 24 हजार 323 श्रमिकों को 93 करोड़ 6 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
