दिल्ली; महाशिवरात्रि के मौके पर दिल्ली स्थित श्री नागाम्बिका धाम में बारह पार्थिव ज्योतिर्लिंगों का भव्य अभिषेक और पूजन अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे धाम परिसर में भक्ति, मंत्रोच्चार और शिव भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने पार्थिव ज्योतिर्लिंगों का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया। इस विशेष अवसर पर भगवान शिव से सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।
शास्त्रों में पार्थिव शिवलिंग पूजन को बताया गया है श्रेष्ठ
धाम के पीठाधीश्वर श्री सोमदीपानंद भैरव गुरुजी ने बताया कि शास्त्रों में पार्थिव अर्थात मिट्टी से बने शिवलिंग का पूजन अत्यंत पुण्यदायी और श्रेष्ठ माना गया है। पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि मिट्टी से निर्मित शिवलिंग प्रकृति का प्रतीक है और इसका पूजन मानव और प्रकृति के बीच संतुलन और सम्मान का संदेश देता है।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। पार्थिव शिवलिंग मिट्टी से निर्मित होते हैं, जो पूर्ण रूप से प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल होते हैं। इससे यह संदेश दिया गया कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। यह आयोजन श्रद्धालुओं को प्रकृति के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का एक प्रेरणादायक प्रयास रहा।
सामाजिक समरसता और एकता का भी दिया गया संदेश
आयोजन की विशेषता सामाजिक समरसता का संदेश भी रहा। समाज के सभी वर्गों के लोगों को एक मंच पर बैठाकर पार्थिव ज्योतिर्लिंगों का अभिषेक और पूजन कराया गया। इससे छुआछूत, जातिवाद और भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया गया। यह आयोजन समाज में समानता, भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ
महाशिवरात्रि का आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व
महाशिवरात्रि भगवान शिव की उपासना का सबसे महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु व्रत रखते हैं, रात्रि जागरण करते हैं और शिवलिंग का अभिषेक कर भगवान शिव की आराधना करते हैं। मान्यता है कि इस दिन पूजा करने से सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है।
