

हरिद्वार। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, के विद्वान आचार्य पंडित रामानंद दूबे ने कहा कि ज्योतिर्लिंग में भगवान शिव का वास होता है और भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और पूजन से भक्तों के जन्म–जन्मांतर के सारे पाप और कष्ट दूर हो जाते हैं। वहीं मोक्ष और पुत्र की प्राप्ति होती है। पुराणों में द्वादश ज्योतिर्लिंगों में सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारेश्वर, भीमाशंकर, विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, वैद्यनाथ, नागेश्वर, रामेश्वर और घुष्मेश्वर शामिल हैं। ऐसी मान्यता है कि जो मनुष्य प्रतिदिन प्रात:काल उठकर इन बारह ज्योतिर्लिंगों के नाम का पाठ करता है, उसके सभी प्रकार के पाप छूट जाते हैं और उसको संपूर्ण सिद्धियों का फल प्राप्त हो जाता है।


बताते चलें कि श्री शिव मंदिर समिति (रजि) शिवालिक नगर के तत्वावधान में चल रहे पांच दिवसीय द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन मुख्य आचार्य पं रामानंद दुबे के नेतृत्व में नित्य पूजन के उपरांत जलाधिवास अन्नाधिवास प्रसाद वास्तु, होमादि प्रसाद स्नपन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। वहीं चौथे दिन गुरुवार को नित्य पूजन के साथ ज्योतिर्लिंगों का स्नपन, नगर भ्रमण, श्य्याधिवास और शांति पौष्टिक होम संपन्न होगा।


